IRCTC की नई वेबसाइट

IRCTC की नई वेबसाइट - फोटो : IRCTC

भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम लिमिटेड (IRCTC) की नई वेबसाइट लॉन्च हो गई है। IRCTC की नई वेबसाइट का कोई अलग डोमेन नहीं है, बल्कि आप इसे पुराने डोमेन यानी www.irctc.co.in पर लॉगिन कर सकते हैं। सीधे शब्दों में कहें तो आईआरसीटीसी की वेबसाइट को कुछ नए फीचर्स के साथ अपग्रेड किया गया है। नई वेबसाइट को नेक्स्ट जेनरेशन नाम दिया गया है। IRCTC की नई वेबसाइट को लेकर दावा है कि तत्काल टिकट की बुकिंग के दौरान ऐन मौके पर वेबसाइट हैंग नहीं होगी। इसके अलावा यह भी दावा है कि एक मिनट में 10,000 टिकटों की बुकिंग की जा सकेगी। छह करोड़ यूजर्स वेबसाइट पर रजिस्टर्ड हैं। अब एक साथ 5,00,000 लोग लॉगिन कर सकेंगे, पहले यह संख्या 40,000 थी। नई वेबसाइट एक जनवरी 2021 से लाइव हो जाएगी।
IRCTC की नई वेबसाइट में क्या है खास?
सबसे पहले आपको बता दें कि वेबसाइट का इंटरफेस पूरी तरह से बदल गया है। इसके अलावा फॉन्ट आदि में भी बदलाव किए गए है। पुरानी साइट के होम पेज पर जहां Book Your Ticket लिखा था, वहीं अब नई साइट पर BOOK TICKET बड़े अक्षरों में लिखा हुआ मिलेगा। BOOK TICKET के ठीक ऊपर पीएनआर स्टेटस और चार्ट के बारे में जानकारी मिल जाएगी। नई वेबसाइट पर लॉगिन से पहले ही आपको जेनरल या तत्काल के विकल्प को चुनने के साथ श्रेणी क्लास को चुनने का भी ऑप्शन मिल जाएगा। 

IRCTC की नयी व बेहतर वेबसाइट, और मोबाइल ऐप



यूजर्स के बेहतर अनुभव के लिये सरल और उपयोगी सेवाएं#NewYearNewRailway pic.twitter.com/WCMkXpa6mP — South Central Railway (@SCRailwayIndia) December 31, 2020


इसके बाद बड़ा जो बदलाव हुआ है वह यह है कि पहले मास्टर लिस्ट (पहले सेव किए गए पैसेंजर की लिस्ट) से पैसेंजर की डीटेल को चुनना पड़ता था, जबकि अब अपने आप मास्टर लिस्ट आपके सामने सर्च रिजल्ट की तरह आ जाएगी जिनमें से आप पैसेंजर को चुन सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पैसेंजर की डीटेल को भरने में जाया होने वाला आपका समय बचेगा और आप तेजी से टिकट बुक कर पाएंगे। इसके अलावा आप नई वेबसाइट के जरिए किसी स्टेशन पर कमरे की बुकिंग टिकट के साथ ही कर सकेंगे। नई वेबसाइट को काफी फास्ट बनाया गया है जिसका अनुभव आप खुद लॉगिन करके कर सकते हैं।

83 फीसदी रेलवे टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फिलहाल करीब 83 फीसदी रेलवे टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट से हो रही है, लेकिन सरकार की कोशिश है कि इसे 100 फीसदी किया जाए। इसी वजह से आईआरसीटीसी की वेबसाइट के अपग्रेडेशन को लेकर लगातार काम हो रहा है। नई वेबसाइट इसी प्रयास का एक हिस्सा है।