गोविंदपुर थाना अंतर्गत आसनबनी फुटबॉल मैदान के पास गुरुवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने बंधन बैंक के कलेक्शन एजेंट जनमंजय पातर से 71 हजार रुपये सहित अन्य सामान लूट लिए। बदमाशों की संख्या तीन थी। उनके पास हथियार थे। उन्होंने जनमंजय से रुपये के अलावा टैबलेट, मोबाइल, गाड़ी के कागजात और बाइक की चाभी भी लूट ली। घटना गुरुवार शाम साढ़े चार बजे की है। मुसाबनी के बांकड़ा निवासी जनमंजय पातर ने गोविंदपुर थाने में तीन बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस जांच में जुट गई है। दर्ज प्राथमिकी में जनमंजय पातर ने बताया कि वह बंधन बैंक के बकायादारों व लोन के पैसे जादूगोड़ा से कलेक्शन कर कार्यालय लौट रहा था। इस दौरान फुटबॉल मैदान के पास बाइक सवार तीन युवकों ने बाइक ओवरटेक कर गाड़ी के सामने लाकर रोक दी, जिससे वह अपनी गाड़ी से गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने बैग छीना, जिसमें रुपये सहित अन्य सामान थे। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्तौल तानकर गोली मारने की धमकी दी व फरार हो गए। घटना के बाद उसने इसकी जानकारी अपने बैंक के वरीय अधिकारी को दी। बदमाश बाइक की चाभी भी निकालकर ले गये थे, लिहाजा वह बाइक लेकर वहीं खड़ा रहा। बाद में बैंक के कर्मचारी जब आए तब वह पहले बैंक आया और उसके बाद रात में 10.30 बजे गोविंदपुर थाने जाकर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, घटना के कुछ समय पहले ही पीड़ित युवक डोरकासाई में अपने बैंक मैनेजर से मिला था। मैनेजर कार में थी, जिसके बाद रुपये लेकर वह बैंक की तरफ बढ़ गया। वे लोग सीसीटीवी से अपराधी का पता लगा रहे हैं। यह घटना ठीक उसी तरह की गई है, जैसे मानगो के डिमना रोड में हुई थी। वहां भी बिजली विभाग के कर्मचारी को ओवरटेक कर लूटने की कोशिश की गई थी। दोनों ही घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ माना जा रहा है।