Patna : पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पटना के एम्स में उनका इलाज चल रहा है। मंगलवार को खांसी और बुखार की शिकायत के बाद उन्हें एम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। रघुवंश प्रसाद सिंह को सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद वे एम्स में जांच के लिए गये थे।

बाद में कोरोना जांच के लिए उनका सैंपल लिया गया था और अब उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रात में ही उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। बुधवार को आई रिपोर्ट में उन्हें कोरोना पॉजिटिव बताया गया है। बिहार में पहली बार कोई राजनेता कोरोना संक्रमित पाया गया है। सांस लेने में तकलीफ के चलते मंगलवार की दोपहर वे जांच कराने पटना एम्स गए थे।

चिकित्सकों ने उन्हें वहां आइसोलेशन वार्ड में रखा था। फिर कोरोना के संदेह में उनका सेंपल लिया गया और जांच के लिए भेजा गया था। आधिकारिक जानकारी के मुताबिकए चिकित्सकों ने प्रारंभ में उन्हें निमोनिया का शिकार समझा। बाद में लक्षणों के आधार पर कोरोना जांच के लिए सेंपल लेने का निर्णय लिया।

बता दें कि बिहार में बुधवार को कुल 79 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही बिहार में संक्रमितों का आंकड़ा 6889 पर पहुंच गया है। वहीं कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होनेवालों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई है और यह संख्या 4644 हो गई है। अबतक बिहार में 41 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।