BEGUSARAI : बेगूसराय में जयमाला के बाद दूल्हा के शराबी होने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, दुल्हन के परिजन और गांववालों ने दूल्हा समेत सभी बारातियों को बंधक भी बना लिया और शादी में खर्च किए गए रूपये वापस करने की मांग करने लगे। पूरी घटना छौड़ाही थानाक्षेत्र के सावंत पंचायत के वार्ड-14 की है।
बताया जाता है कि सावंत निवासी देवनाथ राम के बेटी चांदनी कुमारी की शादी समस्तीपुर जिला के हसनपुर थाना क्षेत्र के मंगलगढ़ निवासी रामसखा राम के बेटे रविंद्र कुमार के साथ 17 जून को तय थी। दूल्हा रविंद्र कुमार बारात लेकर बुधवार की रात सावंत गांव भी पहुंचा, लेकिन इस दौरान दूल्हा शराब के नशे में था।
उसने इतनी अधिक शराब पी रखी थी कि गाड़ी से उतरते ही वह दुल्हन के दरवाजे पर लुढ़क गया। जयमाला से पहले लड़के को जब उतारा गया तो शराब के नशे इतना धुत था कि वही गिर पड़ा। इसकी जानकारी दुल्हन को भी लगी और धीरे-धीरे यह बात गांव और परिजनों के बीच जंगल की आग की तरह फैल गई।
इसके बाद भी परिजनों ने जयमाला की रस्म अदायगी की। इस बीच दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी रहा। जयमाला के बाद दुल्हन ने शादी से ही इनकार कर दिया। काफी मौन-मनौव्वल के बाद भी शराबी दूल्हे से शादी को लड़की तैयार नहीं हुई।
जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दूल्हा समेत बारातियों को बंधक बना लिया। परिजनों ने दूल्हे के परिजनों से शादी में खर्च कि गयी रकम वापस करने की मांग करने लगे। फिलहाल दोनों तरफ से पंचायत की जा रही है। हालांकि इसकी सूचना अभी तक पुलिस को नहीं दी गई है। सामाजिक स्तर पर ही मामले को निपटाने की कोशिश की जा रही है।

