पटना, जेएनएन। Bihar Coronavirus News Update: बिहार में मंगलवार को दिन राहत भरा रहा, लेकिन बुधवार को फिर चार नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में 70 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से मुंगेर के एक युवक की मृत्यु हो चुकी है। जबकि, 33 लोग स्वस्थ हो चुक हैं। जहां तक हॉट स्पॉट्स की बात है, राज्य में सिवान, बेगूसराय व नवादा को कोरोना के रेड जोन में रखा गया है। हालांकि, अब तीन नए मामलों के साथ नालंदा भी रेड जोन में जाता दिख रहा है।
बुधवार को मिले चार नए कोरोना पॉजिटिव मरीज
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार नालंदा के तीन लोग, जो दुबई से लौटे संक्रमित मरीज के संपर्क में आए थे, कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही नालंदा में कोरोना पॉजिटिव मामले छह हो गए हैं। उधर, कोरोना फ्री हो चुके मुंगेर में भी एक नया मामला समाने आया है। नालंदा में मिले पॉजिटिव मामलों में दो महिलाएं व एक पुरुष हैं। जबकि, मुंगेर में एक वृद्ध को संक्रमित पाया गया है।.
सोमवार को मिले थे संक्रमण के दो नए मामले
इसके पहले मंगलवार को एक भी मामला नहीं मिला था। हालांकि, सोमवार को दो नए मामले सामने आए थे। सोमवार को बेगूसराय व नालंदा के एक-एक मरीज मिले थे। इसके पहले शनिवार को चार कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे।
रेड जोन में बिहार के तीन जिले, चौथा भी लाइन में
बिहार में अभी तक मिले मामलों में सर्वाधिक 29 सिवान के हैं। सिवान का रघुनाथपुर स्थित पंजवार गांव कोरोना का केंद्र बन गया है। आठ मामलों के साथ बेगूसराय दूसरे स्थान पर है। ये दोनों जिले कोरोना के हॉट स्पॉट बनकर उभरे हैं। तीसरा जिला जिसे कोरोना के रेड जोन में रखा गया है, नवादा है। वहां तीन पॉजिटिव केस मिले हैं। बुधवार को मिले तीन नए मामलों के कारण अब नालंदा भी रेड जोन बनता दिख रहा है। नालंदा में कुछ अभी तक मिले छह मामलों में चार का इलाज चल रहा
कोरोना फ्री हो चुके मुंगेर में फिर मिला एक मामला
कोरोना फ्री बन चुके मुंगेर में बुधवार को फिर एक मामला मिला। वहां 60 साल के एक वृद्ध को संक्रमित पाया गया है। इसके पहले मिले सात मामलों में एक संक्रमित की मौत भी हो गई थी और शेष छह के स्वस्थ हो जाने के कारण यह हॉट स्पॉट नहीं रहा था। बीते 15 दिनों के अंदर यहां एक भी कोरोना केस नहीं मिला था। लेकिन बुधवार को फिर नया मरीज मिल गया है।
पांच मरीजों के बाद पटना में टूटी संक्रमण की चेन
पांच मरीज मिलने के बावजूद अब पटना में भी कोरोना की चेन टूट चुकी है। पटना के सभी संक्रमित अब स्वस्थ हो चुके हैं और यहां भी 15 दिनों से एक भी केस नहीं मिला है।
20 अप्रैल से कुछ जगहों पर मिल सकती राहत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को समाप्त हो रहे लॉकडाउन को तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया है। इस बीच 20 अप्रैल से वैसी जगहों पर कुछ छूट दी जाएगी, जहां कोरोना के मामले नहीं मिलेंगे। अगर ऐसा हुआ तो बिहार के ऐसे 27 जिलों में, जहां कोरोना का एक भी मामला नहीं मिला है, 20 अप्रैल के बाद कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है। पटना, जहां बीते 15 दिनों से कोरोना के मरीज नहीं मिले हैं, में भी ऐसी उम्मीद की जा सकती है। हालांकि, छूट के संबंध में कोई फैसला स्थितियों के आकलन के बाद सरकार को करना है।
बिहार के 27 कोरोना फ्री जिले, एक नजर...
- पश्चिम चंपारण
- पूवीं चंपारण
- सीतामढ़ी
- शिवहर
- मुजफ्फरपुर
- वैशाली
- समस्तीपुर
- दरभंगा
- मधुबनी
- सहरसा
- सुपौल
- मधेपुरा
- खगड़िया
- अररिया
- किशनगंज
- कटिहार
- पूर्णिया
- बांका
- जमुई
- शेखपुरा
- अरवल
- जहानाबाद
- औरंगाबाद
- रोहतास
- कैमूर
- आरा
- बक्सर

