Coronavirus Live Updates -फोटो : PTI


सार

  • कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच पीएम मोदी ने देश को संबोधित किया 
  • पीएम ने कहा- इस रविवार को देश के लोग ही जनता कर्फ्यू का पालन करें 
  • आज भारत में कोरोना से चौथी मौत हो गई, पंजाब में एक शख्स की जान गई 
  • 22 मार्च से विदेश से आने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के भारत आने पर रोक
  • दिल्ली में 20 लोग से ज्यादा लोगों के जमा होने पर पाबंदी समेत कई फैसले लिए गए
  • गुजरात में भी पहला मामला सामने आया, सूरत और राजकोट में एक-एक मरीज मिला 
अबतक का अपडेट...

विस्तार

कुल संक्रमित 173                                   भारतीय 146                                        विदेशी 25
राज्य              कुल संख्या                     भारतीय                        विदेशी       ठीक हुए
महाराष्ट्र474430
केरल272523
हरियाणा173140
दिल्ली121115
यूपी191814
कर्नाटक141500
राजस्थान7523
लद्दाख8800
तमिलनाडु2201
जम्मू-कश्मीर4400
पंजाब2000
तेलंगाना6421
आंध्र प्रदेश2200
ओडिशा1100
उत्तराखंड1100
पश्चिम बंगाल1100
चंडीगढ़1100
पुड्डुचेरी1100
गुजरात2200
छत्तीसगढ़1100
पीएम मोदी का देश को संबोधन
  • भारत पर कोरोना वायरस की महामारी का असर नहीं पड़ेगा, ये सोचना गलत है।
  • केंद्र व राज्य सरकारों के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
  • संकल्प लें कि हम खुद संक्रमित होने से बचेंगे और दूसरों को भी बचाएंगे।
  • इस बीमारी की कोई दवा नहीं है तो हमारा खुद का स्वस्थ रहना जरूरी है। इसके लिए जरूरी है संयम, भीड़ से बचना, घर से बाहर निकलने से बचना, आजकल जिसे सोशल डिस्टेंसिंग (सामाजिक दूरी) कहा जा रहा है। इस दौर में ये बहुत जरूरी है और कारगर भी है।
  • हमारा संकल्प और संयम इस वैश्विक बीमारी से बचाने में बहुत बड़ी भूमिला निभाने वाला है
  • जनता कर्फ्यू का पालन करें, जनता द्वारा जनता के लिए लगाया गया कर्फ्यू। 22 मार्च रविवार को सुबह 7 से रात 9 बजे तक सभी देशवासियों को जनता कर्फ्यू का पालन करना है। जनता कर्फ्यू हमें आने वाली चुनौती से भी तैयार करेगी।
गुजरात में पहला मामला
गुजरात में कोरोना वायरस के दो मामले आए सामने। सूरत और राजकोट में मिले दो कोरोना पॉजिटिव मरीज। गुजरात में कोरोना का ये पहला मामला है।

केरल में एक और कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि
केरल में और एक व्यक्ति में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि, संक्रमितों की संख्या 25 हुई: मुख्यमंत्री पिनराई विजयन

एसएससी परीक्षा भी स्थगित 
एसएससी ने फिलहाल चल रही संयुक्त उच्चतर माध्यमिक (10+2) स्तर की परीक्षा (टियर-1), 2019 सहित सभी भर्ती परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।



प. बंगाल: कैदियों को पैरोल पर रिहा करने पर विचार
पश्चिम बंगाल जेल विभाग कोरोना वायरस के मद्देनजर आजीवन कारावास की सजा काट रहे दोषियों को पैरोल पर रिहा करने पर विचार कर रहा है। अतिरिक्त महानिदेशक (जेल) अरुण गुप्ता के अनुसार कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते विभाग इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या आजीवन कारावास की सजा काट रहे उन दोषियों को पैरोल दिया जाना चाहिए, जो इसके इच्छुक हैं और जिन्हें रिहा किया जा सकता है। जेल विभाग के एक और वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अभी इसपर कोई फैसला नहीं लिया गया है। हम विचार-विमर्श कर रहे हैं कि क्या ऐसा किया जा सकता है, क्योंकि जेलों में कैदी काफी ज्यादा हैं और जगह कम।

मध्यप्रदेश में बोर्ड की परीक्षाएं 31 मार्च तक स्थगित
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मध्यप्रदेश में सभी परीक्षाएं 20 मार्च से 31 मार्च तक तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के आदेश दिए गए हैं। इन परीक्षाओं में हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षाएं भी शामिल हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश वन विभाग ने प्रदेश के नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व भी 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।

बालाजी मंदिर भक्तों के लिए बंद
आंध्र प्रदेश: तिरुमला तिरुपति देवस्थानम ने बालाजी मंदिर को भक्तों के लिए बंद रखने का फैसला लिया है। जो भक्तगण मंदिर में मौजूद हैं उनके लिए इंतजाम किए गए हैं कि वे अपनी पूजा पूरी कर लें। हालांकि, मंदिर में अन्य दिनों की तरह पूजा-प्रार्थना का कार्यक्रम चलता रहेगा।

पीएम मोदी ने की समीक्षा बैठक
पीएम मोदी ने आज कोरोना वायरस पर समीक्षा बैठक की। इसमें कोरोना वायरस से निपटने को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई। टेस्ट सुविधाएं बढ़ाए जाने पर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने जोर दिया कि महामारी से लड़ने के लिए लोगों, स्थानीय समुदाय और संस्थाओं को किस तरह सतर्क किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञ को निर्देश दिया कि इससे लड़ने के लिए आगे किस तरह के कदम उठाए जाएं।

हिमाचल में पर्यटकों के आने पर रोक
हिमाचल प्रदेश सरकार ने अगले आदेश तक राज्य में देशी व विदेशी पर्यटकों के आने पर रोक लगाई।

दिल्ली सरकार का फैसला 
  • दिल्ली में किसी भी जगह पर 20 से ज्यादा लोगों को जमा होने की इजाजत नहीं होगी।
  • कोरोना वायरस के चलते 31 मार्च तक दिल्ली के सभी रेस्टोरेंट बंद रहेंगे।
  • लोगों के रेस्टोरेंट में बैठकर खाना खाने पर पाबंदी लगा दी गई है,लोग खाना पैक करवाकर ले जा सकेंगे।
  • सहयोग न करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी, लापरवाही बरतने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा।  
केंद्र सरकार के अहम निर्देश
कोरोना वायरस से निपटने के लिए सख्त कदम उठाते हुए भारत सरकार ने विदेश से आने वाली उड़ानों पर 22 मार्च से पूरी तरह रोक लगा दी है। इसके तहत नियत तिथि से लेकर एक सप्ताह तक किसी अंतरराष्ट्रीय उड़ान को भारत में उतरने की अनुमति दी जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी गई। मंत्रालय ने कहा कि राज्य सरकारों को उचित दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। जिसमें 65 से ऊपर के सभी नागरिकों (चिकित्सा सहायता के अलावा) को घर पर ही रहने की सलाह दी जाए, चाहे वे जनप्रतिनिधि/सरकारी कर्मचारी या चिकित्सा पेशेवर ही क्यों ना हों। इसके अलावा 10 साल से कम उम्र के सभी बच्चे भी घर पर रहें। रेलवे और नागरिक उड्डयन भी छात्रों, रोगियों ओर दिव्यांग श्रेणी को छोड़कर सभी यात्रा को रोक दें।

बॉम्बे हाई कोर्ट में अगले हफ्ते से केवल दो दिन सुनवाई होगी
कोरोना वायरस की महामारी के चलते बॉम्बे हाई कोर्ट में अगले हफ्ते केवल दो दिन काम होगा और अत्यावश्यक मामलों की ही सुनवाई होगी। रजिस्ट्रार जनरल एसबी अग्रवाल के कार्यालय से गुरुवार को जारी परिपत्र में यह जानकारी दी। परिपत्र के मुताबिक उच्च न्यायालय की मुंबई स्थित प्रधान पीठ और औरंगाबाद, नागपुर एवं गोवा स्थित क्षेत्रीय पीठ 23 और 26 मार्च (सोमवार और गुरुवार) को केवल अत्यावश्यक मामलों की ही सुनवाई करेंगी।

दिल्ली में शराब पीकर वाहन चलाने की जांच नहीं होगी
दिल्ली में शराब पीकर चलाने की जांच को निलंबित कर दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को बयान जारी कहा है कि अगर कोई बहुत ज्यादा नशे में धुत्त दिखेगा और उसकी वजह से दूसरों की जान को खतरा लगेगा, तभी जांच की जाएगी।

कोरोना से पंजाब में पहली मौत 
भारत में कोरोना से चौथी मौत हो गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक चौथी मौत पंजाब में हुई है। देश में अब तक कुल 167 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 25 विदेशी नागरिक शामिल हैं।

The total number of positive cases of in India stands at 167 (including 25 foreigners), 4 deaths (1 each) in Delhi, Karnataka, Punjab and Maharashtra: Ministry of Health and Family Welfare





View image on Twitter





पीएम मोदी के संबोधन में लॉकडाउन नहीं 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को आठ बजे कोरोना वायरस के संबंध में देश को संबोधित करेंगे। कयास लगाए जा रहे थे कि पीएम मोदी देश को लॉकडाउन करने की घोषणा कर सकते हैं। मगर सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री ऐसा कुछ नहीं करने वाले हैं।

महाराष्ट्र में भागने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई 
महाराष्ट्र में अगर कोई आइसोलेशन वार्ड से भागने की कोशिश करने वालों के लिए पुलिस एपिडेमिक डिजेज एक्ट के तहत कार्रवाई करेगी।

तमिलनाडु में 2500 से ज्यादा के खिलाफ केस 
चेन्नई पुलिस ने तमिलनाडु तौहीद जमात के 4 पदाधिकारियों और 2500 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन लोगों ने बुधवार को बिना अनुमति सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन का आयोजन किया था।

दिल्ली में चर्च बंद 
दिल्ली कैथॉलिक चर्च के फादर रोबिनसन ने 31 मार्च तक रविवार की प्रार्थना को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना की लाइव स्ट्रीमिंग सोशल मीडिया पर की जाएगी।

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में धारा 144 
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अनुसार रायपुर और अन्य नगर निगमों में धारा 144 लगा दी गई है। इसके जरिए अब यहां भीड़ के जुटने पर रोक होगी।

जापान से लौटे 16 संक्रमित इलाज के बाद घर लौटे 
जापान के एक क्रूज में कोरोना वायरस का शिकार हुए 16 भारतीय नागरिक इलाज के बाद घर लौट गए हैं। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी। राज्यसभा में विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि डायमंड प्रिंसेस क्रूज शिप पर कुल 138 भारतीय थे, जिनमें 132 क्रू सदस्य थे। उन्होंने बताया कि इनमें से 119 को 27 फरवरी को भारत लाया गया था। इनमें 16 लोग पॉजीटिव पाए गए थे। अब ये सभी लोग इलाज के बाद घर लौट गए हैं।

रेलवे ने रियायती टिकटें निलंबित कीं 
भारतीय रेलवे ने मरीजों, छात्रों, दिव्यांगजन श्रेणी को छोड़कर अन्य श्रेणियों में 20 मार्च से रियायती टिकटों को निलंबित कर दिया है। रेलवे के आदेश के मुताबिक रियायती टिकटों की 53 श्रेणियों में सिर्फ 15 में ही छूट दी जाएगी।

स्पाइसजेट ने अधिकतर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें की रद्द 
स्पाइसजेट ने 21 मार्च से 30 अप्रैल की अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं। कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 'हमें अपनी अधिकतर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 21 मार्च से 30 अप्रैल तक रद्द करना पड़ रहा है। जैसे ही स्थिति सामान्य होती है, हम तुरंत उड़ानों को फिर से शुरू करेंगे।' कोलकाता से ढाका की उड़ान तय कार्यक्रम के अनुरूप रहेगी। चेन्नई से कोलंबो की उड़ान 25 मार्च से शुरू होगी जबकि दिल्ली से दुबई और मुंबई से दुबई की फ्लाइट 16 अप्रैल से शुरू होगी।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने धूप सेंकने की वकालत की
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कोरोना वायरस से बचाव के संभावित उपाय के तौर पर धूप सेंकने की वकालत की। चौबे ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि 10-15 मिनट सूरज के सामने रहने से प्रतिरोधी क्षमता बढ़ती है क्योंकि धूप से विटामिन डी मिलता है। उन्होंने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सूरज तेजी से चमक रहा है। हमें कम से कम 10-15 मिनट धूप लेनी चाहिए ताकि हमें विटामिन डी मिल सके जिससे हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और ऐसे वायरस भी समाप्त हो जाते हैं। सभी को इस बारे में पता होना चाहिए।’’

पृथक रहने के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ हो मामला दर्ज
महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने पुलिस से कहा कि वह अनिवार्य रूप से घरों में पृथक रहने के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करें।

चिदंबरम ने की सभी शहरों को लॉक डाउन करने की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने बृहस्पतिवार को आह्वान किया कि कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए सभी शहरों की सीमाओं को दो से चार सप्ताह तक सील कर दिया जाना चाहिए। चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा कि आईसीएमआर द्वारा अलग अलग जगहों पर लिए गए लोगों के नमूनों की जांच से पता चला है कि अब तक कोरोना वायरस का सामुदायिक तौर पर प्रसार (स्टेज 3) शुरू नहीं हुआ है इसलिए यह समय अस्थायी तौर पर सीमाओं को सील करने की घोषणा करने और बीमारी को स्टेज दो पर ही रोक देने का है।

यात्रा प्रतिबंधों के कारण सिंगापुर में फंसे 97 भारतीय यात्री
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए भारत के यात्रा प्रतिबंधों के कारण करीब 100 भारतीय यात्री सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे पर फंसे हुए हैं और स्वदेश लौटने में असमर्थ हैं। सिंगापुर में भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को बताया कि वह 97 फंसे भारतीयों को विमान से भारत लाने का प्रबंध करने की दिशा में काम कर रहा है। इन भारतीय यात्रियों में अधिकतर फिलीपीन और मलयेशिया से आए हैं। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त जावेद अशरफ ने कहा, हम इन भारतीयों को उनके घर वापस ले जाने का प्रबंध करने के लिए विदेश मंत्रालय एवं नागर विमानन मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

हैदराबादः देखिए पुलिस कैसे सिखा रही है हाथ धोना

Hyderabad: Rachakonda Police promoting the washing of hands, as part of awareness drive against . (Video Source: Rachakonda Police)




केंद्र सरकार का फैसला, 50 फीसदी सरकारी कर्मचारी घर से करेंगे काम
कोरोना वायरस के मद्देनजर केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने आदेश दिया है कि बी और सी श्रेणी के 50 प्रतिशत कर्मचारी रोजाना कार्यालय आएंगे और बाकी के बचे हुए 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन टिकट रिफंड कार्यालय सील
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक टिकट रिफंड कार्यालय को रेलवे ने सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि रिफंड कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी को कोरोना वायरस होने की आशंका है। महिला कर्मचारी के घर पर उसके रिश्तेदार तीन दिन से रुके थे। डॉक्टर की टीम महिला के घर पर पहुंची है।

लोकसभा में उठा कोरोना का मुद्दा, पीएम के बयान की मांग
लोकसभा में गरुवार को विभिन्न दलों के सदस्यों ने कोरोना वायरस का मुद्दा उठाते हुए इससे निपटने में सरकार के प्रयासों की सराहना की। साथ ही दुनिया के कई क्षेत्रों में फंसे भारतीयों को वापस लाने, जांच की सुविधा का विस्तार करने एवं सदन में प्रधानमंत्री के बयान की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि यह एक ऐसा विषय है जिससे केंद्र एवं राज्य सरकारों को मिलकर निपटना है ।

निचले सदन में इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि दुनिया में कोरोना वायरस के कारण स्थिति गंभीर है और भारतीय समुदाय के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को इटली, अमेरिका सहित अन्य देशों में फंसे लोगों को बाहर निकालना चाहिए । तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण दुनिया हिल गई है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्र को संबोधित करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सदन को भी संबोधित करें।

मूल्याकांन का काम घर से करेंगे शिक्षक: दिल्ली सरकार
दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को शिक्षण एवं गैर शिक्षण कर्मचारियों के लिए 31 मार्च तक बंद रखने का आदेश दिया। अभी तक स्कूल छात्रों के लिए बंद थे और परीक्षाएं चल रही थीं। शिक्षा निदेशालय ने कहा, ‘सभी परीक्षाएं 31 मार्च तक स्थगित की जाती हैं। स्कूल शिक्षण और गैर शिक्षण कर्मचारियों के लिए भी बंद रहेंगे।’ विभाग ने कहा, ‘शिक्षकों को वार्षिक परीक्षा के लिए मूल्यांकन का काम घर से करना होगा जबकि बोर्ड परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन का काम सीबीएसई ने निलंबित कर दिया है।’

महाराष्ट्र में दो और पॉजिटिव मामले, अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखे गए
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के दो और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र के लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि दोनों मरीज मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं। इसी के साथ प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है।

लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए: उद्धव ठाकरे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को राज्य के लोगों से अपील की कि वे अपने घरों से बाहर नहीं निकलें ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके। ठाकरे ने टेलीविजन पर प्रसारित अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा, ‘लोगों को अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए।’ मुख्यमंत्री ने साथ ही कहा कि उन्होंने कोरोना वायरस संबंधी स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है और प्रधानमंत्री ने राज्य को हर संभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।

सिंगापुर से 50 छात्रों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेंगे: सामंत
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सिंगापुर में भारतीय दूतावास के सम्पर्क में हैं, जहां कोरोना वायरस के कारण विमान सेवाएं निलंबित होने के कारण भारतीय छात्र फंसे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि छात्रों के भारत लौटने तक दूतावास उनकी देखभाल करेगा। बयान में कहा, ‘मुख्यमंत्री ने एक छात्रा बोडास से बात की है और उसे सुरक्षित वापसी का आश्वासन दिया है।’ इससे पहले महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने भी सिंगापुर में फंसे 50 छात्रों की सुरक्षित देश वापसी का आश्वासन दिया था।

मुंबई में डब्बावालों ने टिफिन डिलीवरी सेवाएं निलंबित कीं
मुंबई में डब्बावालों ने अपनी टिफिन डिलीवरी सेवाएं 31 मार्च तक निलंबित कर दी हैं।

सिंगापुर से लौटे छह यात्रियों को बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन से उतारा
सिंगापुर से लौटे छह यात्रियों को बोरीवली स्टेशन पर एक एक्सप्रेस ट्रेन से उतारा गया, उनके हाथों पर ‘होम क्वॉरेंटाइन’ की मुहर लगी थी : अधिकारी ।

कर्नाटक में एक और मामले की पुष्टि
कर्नाटक में कोरोना वायरस के एक और मामले पुष्टि हुई है। प्रदेश में अब संक्रमितों की कुल संख्या 15 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने यह जानकारी दी।

कपड़े धोने वाले कर्मचारियों ने मरीजों के वार्ड से आने वाले कपडों को धोने से किया इनकार
महाराष्ट्र के यवतमाल अस्पताल में कपड़े धोने वाले कर्मचारियों ने उस पृथक वार्ड से आने वाले कपड़ों को धोने से इनकार कर दिया जिसमें कोरोना वायरस के तीन मरीज भर्ती हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के कर्मचारी करेंगे घर से काम
भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते देश के प्रमुख कारोबारी समूह रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है और समूह अस्पताल, खुदरा दुकानों तथा दूरसंचार जैसे उपभोक्ता से सीधे रूबरू होने वाले कारोबारों में न्यूनतम कर्मचारियों से काम चलाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी अपने कर्मचारियों और व्यापार पर नए कोरोनावायरस (कोविड -19) के प्रकोप के प्रभाव का मूल्यांकन करने के लिए लगभग हर तीसरे दिन एक बैठक करेंगे।

लखनऊ में दो और नए कोरोना संक्रमित मरीज
लखनऊ में कोरोना वायरस के दो और मरीज सामने आए हैं। दोनों को केजीएमसी में भर्ती कराया गया है। दोनों संक्रमित मरीजों के नमूने बुधवार को लिए गए। आज आई रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव पाए गए हैं। एक मरीज निशातगंज तो दूसरा लखीमपुर का रहने वाला है।

छत्तीसगढ़ में पहले मामले की पुष्टि
छत्तीसगढ़ में लंदन से लौटी 24 वर्षीय एक युवती के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि राज्य में कोरोना वायरस का यह पहला मामला है। युवती और उसके माता पिता को रायपुर के एम्स में निगरानी में रखा गया है। रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के अधीक्षक करन पीपरे ने बताया कि रायपुर निवासी 24 वर्षीय एक युवती के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित
आईसीएसई बोर्ड ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित कीं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आईसीएमआर में 826 नमूनों का परीक्षण, एक भा पॉजिटिव नहीं 
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने कहा कि 826 नमूनों का परीक्षण किया गया, उनमें से एक भी नमूना पॉजिटिव नहीं आया है।

आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के दूसरे मामले की पुष्टि
आंध्र प्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के दूसरे मामले की पुष्टि हुई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 15 मार्च को इंग्लैंड से लौटा एक शख्स इस विषाणु से संक्रमित पाया गया है। विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘युवक को ओंगोले में रिम्स के अलगाव वार्ड में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।’

मुंबई में दो महिला संक्रमित, प्रदेश में कुल संख्या 47 हुई
महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मुंबई में दो नए कोविड-19 के मरीज सामने आए हैं। ब्रिटेन की यात्रा से लौटी एक 22-वर्षीय महिला और दुबई से वापस आई उल्हासनगर की एक 49 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। राज्य में सकारात्मक मामलों की संख्या 47 तक पहुंच गई है।

भारतीय रेलवे ने रद्द कीं 155 ट्रेन
रेलवे ने कोरोना वायरस के खतरे और यात्रियों की कम संख्या के कारण गुरुवार को 84 और ट्रेनों को रद्द कर दिया जो 20 से 31 मार्च के बीच नहीं चलेंगी। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही रद्द ट्रेनों की कुल संख्या 155 पर पहुंच गई है। यात्रियों को 100 फीसदी किराया वापस दिया जाएगा। वहीं, तमिलनाडु में चेन्नई हवाई अड्डे पर 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और 34 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यहां देखें रद्द ट्रेनों की सूची

देश में आज 15 नए मामले, 166 हुई संक्रमति मरीजों की संख्या
देश के 18 राज्यों में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 166 हो गई है। आज 15 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 141 भारतीय हैं जबकि 25 विदेशी शामिल हैं। 15 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं, वहीं तीन लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़े गुरुवार सुबह नौ बजे तक के हैं।

राजस्थान में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रित
राजस्थान में कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। आठ मार्च को इटली से लौटे झुंझुनूं के दंपती और उनकी दो साल की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पति की उम्र 33 वर्ष, पत्नी की 31 साल है। इन्हें दिल्ली लाया गया है। इसी के साथ प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों की संख्या सात हो गई है।

चंडीगढ़ में 23 साल की लड़की संक्रमित
चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में भर्ती कोरोना की एक संदिग्ध मरीज में बुधवार की रात कोरोना की पुष्टि हुई है। चंडीगढ़ में कोरोना वायरस से संक्रमित होने का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पीजीआई के वायरोलॉजी डिपार्टमेंट में हुई जांच में मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चंडीगढ़ निवासी लड़की रविवार सुबह इंग्लैंड से लौटी थी। सर्दी जुकाम की शिकायत पर उसे जीएमसीएच में सोमवार को भर्ती कराया गया था। अब उसकी हालत सामान्य है।



पीएम आज रात आठ बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने हालात की समीक्षा के लिए बैठक भी बुलाई है। मोदी ने बुधवार को ट्वीट कर कोरोना के खिलाफ जंग में जी-जान से जुटे लोगों की जमकर सराहना की।