Purnia Crime News: बिहार के पूर्णिया शहर के बीच दिनदहाड़े इंजीनियरिंग के छात्र की हत्या से लोगों में आक्रोश है और लोग कानून-व्यवस्था पर लगातार सवाल उठा रहे हैं. हत्या के विरोध में लोगों ने सड़क भी जाम की.


बिहार के पूर्णिया में इंजीनियरिंग के छात्र की हत्या (मृतक की फाइल फोटो)




पूर्णिया. बिहार के पूर्णिया शहर के मधुबनी ओपी इलाके के मंझली चौक पर मंगलवार को दिनदहाड़े इंजीनियरिंग के एक छात्र हर्ष कुमार झा की गोली मारकर हत्या (Murder In Purnia) कर दी गई. घटना के पीछे की वजह स्मैकरों से अदावत बताई जा रही है. मृतक हर्ष कुमार झा पूर्णिया जिले के सुखसेना गांव का निवासी था. वह भुवनेश्वर में इंजीनियरिंग (Engineering Student) में पढ़ता था. उसके पिता कमलेश झा और चाचा मिथिलेश झा मशहूर कलाकार हैं.

मृतक के दोस्त सोनू ने बताया कि रात में हर्ष अपने दोस्त के बर्थडे में गया हुआ था. रात में वो वहीं रुक गया था. सुबह जब हर्ष, सोनू और एक अन्य दोस्त तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे तभी मंझली चौक के पास अपराधियों ने उसे गोली मार दी . गोली लगते ही हर्ष बाइक से नीचे गिर गया. इसके बाद उसे सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सोनू ने बताया कि पांच दिन पहले कुछ स्मैकरों से उनका झगड़ा हुआ था. उन लोगों ने उसे ही मारने के लिए गोली चलाई थी लेकिन गोली उसे नहीं लग कर उनके बाइक के पीछे बैठा हर्ष केे सीने में लग गई जिस कारण उसकी मौत हो गई.
घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ पूर्णिया कस्बा मुख्य मार्ग को घंटों जाम किया. मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ आनंद पांडे को भी परिजनों और लोगों ने जमकर खरी-खोटी सुनाई. इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की . मृतक के मामा ने कहा कि उन्हें अब पुलिस प्रशासन पर विश्वास नहीं है. सदर एसडीपीओ ने 24 घंटे के अंदर कार्रवाई और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, इसके बाद लोगों ने जाम हटाया. इस बाबत सदर एसडीपीओ आनंद पांडे ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाए
शहर में दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड से पुलिस प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं. पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने इससे दुखद बताते हुए कहा कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती है तो लोग सड़क पर उतरने को विवश होंगे. पूर्व सांसद ने कहा कि इस तरह लगातार हो रही वारदात कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं.