राज्य सरकार के आदेश से केवल घर पर होम डिलीवरी की सुविधा रहेगी. रेस्टोरेंट में बैठकर भोजन परोसने पर प्रतिबंध रहेगा.

कोटा: जिला कलेक्टर ओम कसेरा ने कहा कि आमजन को वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए संयम बरतने के साथ सरकार द्वारा जारी निर्देशों की पालना करनी चाहिए. उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिनों तक नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है. जिले में 107 नागरिकों को होम आइसोलेशन में रखा जाकर चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा जांच की जा रही है.

जिले में सभी नागरिकों, संगठनों की सहभागिता से जागरूकता चलाई जा रही है. इसका उद्देश्य कोरोना के प्रति सतर्कता बरतने के साथ समाज में फैली भ्रांति को रोकना है. उन्होंने बताया कि कोटा जिले में कुल 107 व्यक्तियों को घर पर आइसोलेट किया जाकर प्रीवेज और डिजीज एक्ट के तहत पाबंद किया गया है. उन्होंने बताया कि संक्रमित देशों से आये हुए नागरिकों की बायीं हथेली पर अमिट स्याही की मुहर लगाई गई है, जिससे उसकी पहचान हो सके तथा आइसोलेशन के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर नहीं जा सकें.

31 मार्च तक घर पर ही रहे
जिला कलेक्टर ने आम नागरिकों को आव्हान किया कि कोरोना के वायरस के चक्र को तोड़ने के लिए 31 मार्च तक आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें. आवश्यक प्रतिष्ठानों के अलावा सभी प्रतिष्ठानों को बंद रखें. घर पर रहकर किये जा सकने वाले कार्यों को घर पर ही करें. उन्होंने जिले में कोचिंग संस्थानों में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आकर कोचिंग ले रहे छात्रों के लिए भी आव्हान किया कि वे अपने घर चले जाये या यहां रहने के दौरान अनावश्यक बाहर नहीं जायें. उन्होंने मानव धर्म को बड़ा बताते हुए घर पर रहकर ही पूजा-पाठ करने तथा सामाजिक कार्यों को स्थगित करने की अपील की.

छोटी बीमारियों के लिए अस्पताल न जाए
जिला कलेक्टर ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक मामलों के अलावा सभी ऑपरेशन 31 मार्च तक स्थगित कर दिए गए हैं. उन्होंने आव्हान किया कि आम नागरिक छोटी-छोटी बीमारियों के लिए अस्पताल नहीं आए, घर पर रहकर ही दूरभाष पर अथवा ऑनलाइन चिकित्सक से परामर्श लेकर स्वास्थ्य लाभ लें. उन्होंने अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ आने पर संक्रमण फैलने की आशंका जताई. उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित या संभावित लोगों को होम क्यूआरेनटाईन के लिए कॅरियर पॉइन्ट यूनिवर्सिटी के भवन को अधिग्रहण किया जा रहा है.

रेस्टोरेंट बंद रहेंगे
जिला कलेक्टर ने बताया कि शहर के सभी रेस्टोरेंट और भोजनालयों को बंद कर दिया गया है. राज्य सरकार के आदेश से केवल घर पर होम डिलीवरी की सुविधा रहेगी. रेस्टोरेंट में बैठकर भोजन परोसने पर प्रतिबंध रहेगा.

थोक सब्जी मंडी में अनावश्यक न जाएं
उन्होंने आम नागरिकों को विश्वास दिलाया है कि प्रशासन सरकार के निर्देशानुसार पूरी तरह सतर्क है. नागरिक अनावश्यक रूप से घरेलू सामग्री का संग्रहण नहीं करें. उन्होंने थोक सब्जी मण्डी में भी आम नागरिकों के अनावश्यक जाने को संवेदनशील बताते हुए कहा कि इससे भीड़ में कोरोना वायरस संक्रमण की संभावना रहती है. उन्होंने आम नागरिकों को स्थानीय सब्जी और फल विक्रेताओं से सामग्री क्रय करने की अपील की है.